वादों की राह में धूल ही धूल, गांव की उम्मीदें हुईं मजबूर
सड़क को तरसे कदम-कदम, अब प्रशासन से न्याय की हुंकार भरपूर
मंझारा बघा में 1200 मीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, बरसात में ग्रामीणों का आवागमन हुआ दूभर
जागरण मोर्चा ब्यूरो
पीलीभीत। ग्राम मंझारा बघा में वर्षों से अधूरी पड़ी संपर्क सड़क के निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र डामर सड़क बनवाने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत पाल सिंह चब्बा के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव का लगभग 1200 मीटर लंबा सरकारी संपर्क मार्ग मुख्य पक्की सड़क से शुरू होकर अर्जुन सिंह, हाकिम सिंह, जीत सिंह और शिव सिंह के घरों के सामने से गुजरते हुए सुतिया नाला जंगल तक जाता है। वर्ष 2019 में इस मार्ग पर खड़ंजा लगाया गया था, लेकिन बाद में पानी की टंकी की पाइपलाइन बिछाने के लिए उसे उखाड़ दिया गया। इसके बाद आज तक सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2024-25 में भी ग्राम प्रधान की ओर से क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती बसंती गाइन तथा गुरुभग सिंह को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की वजह से ग्रामीणों, किसानों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। आए दिन फिसलकर गिरने और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरचरन सिंह, प्रताप सिंह, दलबीर सिंह, मनजीत सिंह, हरविंदर सिंह, तलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में गांव की प्रमुख समस्या का शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग उठाई।





