Home Breaking News फरार होकर की शादी, अब बारात बुलाने की जिद पर अड़ी प्रेमिका...

फरार होकर की शादी, अब बारात बुलाने की जिद पर अड़ी प्रेमिका की मां

0
31

फरार होकर की शादी, अब बारात बुलाने की जिद पर अड़ी प्रेमिका की मां

 

 

दलित समुदाय के प्रेमी युगल की शादी बनी चर्चा का विषय, बारात को लेकर विवाद

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

 

बिसौली। कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी-प्रेमिका द्वारा फरार होकर शादी रचाने का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों बालिग होने के बावजूद शादी के बाद अब बारात को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रेमिका की मां ने प्रेमी के परिजनों से बारात घर पर लाकर विधिवत विदाई कराने की मांग की है, जबकि प्रेमी पक्ष ने इससे साफ इंकार कर दिया है।

 

जानकारी के अनुसार, प्रेमी जाटव समुदाय और प्रेमिका हरिजन समुदाय से संबंध रखते हैं। दोनों ने परिवार की सहमति के बिना घर से भागकर विवाह कर लिया और अब किसी दूर शहर में रहकर जीवन यापन कर रहे हैं। इसी बीच प्रेमिका की मां ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार बारात बुलाकर बेटी की विदाई कराने की बात उठाई, जिससे मामला तूल पकड़ गया।

 

प्रेमिका की मां का कहना है कि वह बारात की पूरी खातिरदारी करने को तैयार हैं और सामाजिक परंपरा के अनुसार बेटी को विदा करना चाहती हैं। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली बिसौली में शिकायती पत्र देकर पुलिस से बारात भिजवाने की मांग भी की है। इतना ही नहीं, उन्होंने क्षेत्राधिकारी (सीओ) बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के समक्ष भी अपनी बात रखी।

 

वहीं, प्रेमी के परिजनों ने बारात लाने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है और दोनों से दूरी बना ली है। पुलिस के अनुसार, दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह कर चुके हैं। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, लेकिन बारात भिजवाने की मांग पूरी तरह निराधार है।

 

इस पूरे घटनाक्रम ने समाज में व्याप्त भेदभाव की मानसिकता को भी उजागर किया है, जहां एक ही वर्ग के भीतर भी सामाजिक दूरी देखने को मिल रही है। फिलहाल मामले की जांच कोतवाली बिसौली में तैनात दरोगा मदन पाल को सौंपी गई है। क्षेत्र में इस प्रकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here