Home Breaking News दातागंज पालिका अध्यक्ष के पिता पर दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

दातागंज पालिका अध्यक्ष के पिता पर दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

0
6

दातागंज पालिका अध्यक्ष के पिता पर दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

 

बरेली। बदायूं के दातागंज नगर पालिका अध्यक्ष के पिता पर एक दलित महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मामला बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा है।

 

पीड़िता थाना जहानाबाद जिला पीलीभीत, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ माह पहले एक गलत नंबर के जरिए उसकी आरोपी से बातचीत शुरू हुई थी। आरोपी ने खुद को प्लाटिंग का काम करने वाला बताया और उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने उसे नवाबगंज स्थित एक गेस्ट हाउस में बुलाया।

 

तहरीर के अनुसार, गेस्ट हाउस के कमरे में आरोपी ने उसे पानी पिलाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपने साथ गलत काम होने का अंदेशा हुआ। विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाया कि उसने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए हैं और शिकायत करने पर उन्हें वायरल कर देगा।

 

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी लगातार फोन कर उसे धमका रहा है और दोबारा मिलने के लिए दबाव बना रहा है। साथ ही उसने यह भी कहा कि आरोपी ने उससे अन्य युवतियों को लाने की बात भी कही। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपी की बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने पास सुरक्षित रखी है, जिसे वह साक्ष्य के रूप में पेश कर सकती है।

 

मामले में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी की राजनीतिक पहुंच के कारण पुलिस कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रही है। आरोपी दातागंज नगर पालिका अध्यक्ष का पिता बताया जा रहा है, जिससे मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।

 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here