Home Breaking News पूर्व विधायक के बेटे पर युवती ने लगाया हत्या के प्रयास का...

पूर्व विधायक के बेटे पर युवती ने लगाया हत्या के प्रयास का आरोप

0
502

पूर्व विधायक के बेटे पर युवती ने लगाया हत्या के प्रयास का आरोप

गला दबाकर जहर देने का आरोप, गंभीर हालत में युवती जिला अस्पताल में भर्ती

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। जनपद के अलापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने क्षेत्र के ही पूर्व विधायक के बेटे पर गला दबाकर मारने और विषाक्त पदार्थ देने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद युवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार ककराला वार्ड नंबर 15 निवासी 24 वर्षीय राहिला खान पुत्री इशाक खान ने आरोप लगाया है कि ककराला निवासी युवक, जो कि एक पूर्व विधायक का बेटा है, ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे जबरन कोई विषैला पदार्थ भी खिला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

युवती की हालत बिगड़ने पर परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उसे बदायूं जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवती की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी में जुटी हुई है।

जिला अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस को पीआई (पुलिस इन्फॉर्मेशन) के माध्यम से घटना की जानकारी भेजी गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

उधर, घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। आरोपित का संबंध एक पूर्व विधायक परिवार से होने के कारण मामले को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here