बिना पंजीकरण नर्सिंग होम पर शिकायत, डीएम से की गई कार्रवाई की मांग
संचालिका पर खुद को डॉक्टर बताकर इलाज करने का आरोप, पहले भी दर्ज हो चुका मुकदमा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जनपद के दातागंज क्षेत्र के गांव बक्सेना में एक नर्सिंग होम के बिना पंजीकरण संचालित होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी अजीत शर्मा ने जिलाधिकारी अविनाश राय से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में नर्सिंग होम की संचालिका पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त नर्सिंग होम बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा है, जहां संचालिका स्वयं को डॉक्टर बताकर प्रसव और डीएनसी जैसे संवेदनशील चिकित्सीय कार्य कर रही हैं। आरोप है कि मरीजों से इलाज के नाम पर मोटी रकम भी वसूली जा रही है, जबकि चिकित्सा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि नर्सिंग होम में आधा दर्जन से अधिक स्टाफ कार्यरत है, जिनकी शैक्षणिक योग्यता और प्रशिक्षण संदिग्ध बताए जा रहे हैं। इससे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर जोखिम उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे संस्थानों के संचालन से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
गौरतलब है कि इस मामले में पहले भी हजरतपुर थाने में संचालिका सीमा मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के चलते अवैध रूप से नर्सिंग होम संचालित किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना पंजीकरण संचालित नर्सिंग होम को तत्काल बंद कराने की भी मांग उठाई गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही और अवैध गतिविधियों पर रोक लग सके।





