चोरी की घटनाओं से व्यापारी परेशान, व्यापार मंडल ने कोतवाल से की सख्त कार्रवाई की मांग
सदर कोतवाल संजय सिंह से चोरी की घटना के खुलासे को लेकर बात करते व्यापार मंडल के अधिकारी
लाखों की चोरी का जल्द खुलासा हो, बाजारों में बढ़े रात्रि गश्त: व्यापारियों की पुलिस से मांग
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। इसी क्रम में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ एवं जिला महामंत्री संजीव आहूजा के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल शहर कोतवाल संजय सिंह से मिला। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने हाल ही में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग उठाई।
व्यापारियों ने बताया कि बीते दिनों आधा दर्जन दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से प्रमुख बाजारों में रात्रि गश्त तेज करने और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस संबंध में शहर कोतवाल संजय सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कार्य कर रही हैं और जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ ने कहा कि जिस तरह से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारियों का विश्वास डगमगा सकता है। उन्होंने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं जिला महामंत्री संजीव आहूजा ने कहा कि आए दिन हो रही घटनाओं से व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि एक ठोस रणनीति बनाकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।
प्रतिनिधि मंडल में कपिल कालरा, अंकुश गांधी, दीपक वर्मा, राजीव वैश्य, राजेश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





