Home Breaking News खबर का असर: सहायक आयुक्त ने मांगा जवाब, ड्रग इंस्पेक्टर तलब ...

खबर का असर: सहायक आयुक्त ने मांगा जवाब, ड्रग इंस्पेक्टर तलब कार्रवाई के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारी के रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में मचा हड़कंप

0
118

खबर का असर: सहायक आयुक्त ने मांगा जवाब, ड्रग इंस्पेक्टर तलब

कार्रवाई के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारी के रुपये लेने का वीडियो वायरल होने के बाद विभाग में मचा हड़कंप

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। कादरचौक क्षेत्र में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद की कार्रवाई को लेकर उठे सवालों के मामले में अब औषधि विभाग ने गंभीरता दिखाई है। जागरण मोर्चा में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सहायक आयुक्त औषधि बरेली ने ड्रग इंस्पेक्टर को तलब कर पूरे प्रकरण में जवाब मांगा है। साथ ही छापेमारी के दौरान की गई कार्रवाई और उनके साथ गए सेवानिवृत्त कर्मचारी के संबंध में भी जानकारी मांगी गई है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच शुरू होने से ड्रग इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है।

मामला कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव जोरी नगला का बताया जा रहा है। यहां बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होने की सूचना पर ड्रग इंस्पेक्टर लवकुश प्रसाद जांच के लिए पहुंचे थे। बताया गया कि जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालित मिला। टीम ने मेडिकल स्टोर में रखी दवाओं, रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर के साथ एक सेवानिवृत्त कर्मचारी भी मौजूद था।

छापेमारी के दौरान रुपये के लेनदेन से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे। आरोप लगाया गया कि कार्रवाई के दौरान मौजूद सेवानिवृत्त कर्मचारी की ओर से रुपये लिए गए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला धीरे-धीरे विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद पूरे प्रकरण ने तूल पकड़ लिया।

मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद सहायक आयुक्त औषधि बरेली संदीप कुमार ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को तलब कर जवाब मांगा है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि छापेमारी के दौरान उनके साथ सेवानिवृत्त कर्मचारी किस हैसियत से गया था और वहां किस प्रकार की कार्रवाई की गई। विभाग की ओर से अब उपलब्ध वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

इधर, मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जांच में यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि अभी विभाग की जांच पूरी नहीं हुई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। मेडिकल स्टोर संचालकों और स्थानीय लोगों के बीच छापेमारी की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि औषधि विभाग की कार्रवाई पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

सहायक आयुक्त औषधि संदीप कुमार ने बताया कि मामले में ड्रग इंस्पेक्टर से जवाब मांगा गया है। छापेमारी के दौरान की गई कार्रवाई और साथ गए कर्मचारी के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here