Home Breaking News सहसवान रोड पर भीषण हादसा: डंपर की टक्कर से टेंपो के उड़े...

सहसवान रोड पर भीषण हादसा: डंपर की टक्कर से टेंपो के उड़े परखच्चे, तीन की मौत, छह घायल

0
91

सहसवान रोड पर भीषण हादसा: डंपर की टक्कर से टेंपो के उड़े परखच्चे, तीन की मौत, छह घायल

 

जागरण मोर्चा कार्यालय
उघैती। सहसवान रोड पर सोमवार को गोदी नगला और खितौरा गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरे टेंपो में पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार को एक टेंपो सहसवान की ओर से सवारियों को लेकर बिसौली की तरफ जा रहा था। टेंपो में करीब एक दर्जन से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। गोदी नगला और खितौरा गांव के बीच चालक ने सवारियों को उतारने के लिए टेंपो सड़क किनारे धीमा किया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद टेंपो में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और घायलों को टेंपो से बाहर निकालने में जुट गए। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं छह अन्य यात्री घायल हो गए। इनमें कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।

हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। क्षतिग्रस्त टेंपो और डंपर की वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दी गई, जिसके बाद अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों की भीड़ जुटने लगी।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सहसवान रोड पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

इन लोगों की हुई मौत

हादसे में मरने वालों में रूपवती पत्नी पप्पू, निवासी गाजीपुर, वसुंधरा एंक्लेव, मयूर विहार फेस-3, पूर्वी दिल्ली की मौत हो गई। इसके अलावा ओमकार पुत्र रामचरण (47) और उनकी पत्नी शांति (45) निवासी ग्राम धरैरा, थाना उघैती, बदायूं ने भी दम तोड़ दिया।

यह लोग हुए घायल

हादसे में परवीन पुत्री अकबर (25), साईदन पत्नी अकबर (50), आबिद पुत्र खुर्शीद खान और अयान पुत्र सानू (5) निवासी ग्राम शाहबाजपुर, थाना सहसवान घायल हुए हैं। इनके अलावा संजीता पत्नी कल्लू, निवासी ग्राम शाहबाजपुर थाना सहसवान, मोहरकली पुत्री जगदीश (30) निवासी ग्राम कुदई थाना जरीफनगर और नजमा पत्नी गुलशेर, निवासी मजहबाग थाना सहसवान भी घायल हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here