Home Breaking News मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी...

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

0
71

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

 

अलापुर-कादरचौक रोड पर ईंट भट्ठे के पास पुलिस ने घेरा, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी

 

दारोगा के हाथ में भी लगी गोली, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती; तमंचा, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। थाना अलापुर क्षेत्र में गोकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ककराला-कादरचौक मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। वहीं, फायरिंग में उपनिरीक्षक कमर अहमद के दाहिने हाथ में गोली लग गई। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी जुम्मन पुत्र गट्टे उर्फ कमरउद्दीन निवासी रमजानपुर थाना कादरचौक है। वह थाना अलापुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 191/2026, धारा 3/5/8 सीएस एक्ट में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ककराला-कादरचौक रोड पर ईंट भट्ठे के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर अलापुर और कादरचौक पुलिस ने घेराबंदी की।

 

पुलिस का कहना है कि घिरने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए। इसमें उपनिरीक्षक कमर अहमद घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें जुम्मन दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, चार खोखे, तीन जिंदा कारतूस, एक छुरा और रस्सी बरामद हुई।

 

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सात सितंबर की रात गौरामई गांव के जंगल से घूमंतु गोवंशीय बछड़े को पकड़कर साथी के साथ गोकशी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज कई मुकदमों का आपराधिक इतिहास भी बताया है, जिसमें गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। घायल आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here