दहेज में चार पहिया वाहन की मांग का आरोप, विवाहिता से मारपीट और धमकी की शिकायत
घुंघचाई। थाना घुंघचाई क्षेत्र के ग्राम सिकरहना निवासी वीरपाल पुत्र कीरतलाल ने अपनी पुत्री राखी देवी के ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र देकर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पिता ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वीरपाल ने अपनी पुत्री राखी देवी की शादी 26 फरवरी 2024 को बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम लाखन नगरा निवासी लोकेश कुमार पुत्र दुर्गपाल के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति लोकेश कुमार सहित ससुराल पक्ष के कई लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को कथित रूप से परेशान करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करीब एक वर्ष पूर्व पति द्वारा चार पहिया वाहन की मांग की गई। विवाहिता द्वारा पिता की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए वाहन देने में असमर्थता जताने पर कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई। पिता के मुताबिक, मारपीट में उनकी पुत्री के सिर में चोट भी आई।
शिकायत में यह भी आरोप है कि विवाहिता को जान से मारने तथा दूसरी शादी करने की धमकी दी गई। पिता का कहना है कि कई बार समझौते का प्रयास होने के बावजूद ससुराल पक्ष उनकी पुत्री को अपने साथ रखने अथवा उसे विदा कराने के लिए तैयार नहीं है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।




