Home Breaking News पति से कहासुनी के बाद विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान

पति से कहासुनी के बाद विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान

0
70

पति से कहासुनी के बाद विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान

 

पति से दिल्ली न जाने और गांव में काम करने को लेकर हुआ था विवाद

 

छह साल पहले हुई थी शादी, एक बेटे के सिर से उठा मां का साया

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

जरीफनगर। थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव जरीफनगर दुर्गपुर में पति से मामूली कहासुनी के बाद एक विवाहिता ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया।

 

गांव निवासी तोताराम उर्फ राकेश पुत्र महीपाल दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। बताया गया कि वह हाल ही में दिल्ली से घर आया था। मंगलवार रात उसकी पत्नी सावित्री (24) ने पति से दिल्ली वापस न जाने और गांव में ही रहकर काम करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों के अनुसार, रात करीब तीन बजे सावित्री ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

 

परिवार के लोगों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। विवाहिता की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

सावित्री का मायका सम्भल जिले के गांव नारंगपुर में है। उसके पिता का नाम भूरे सिंह बताया गया है। परिजनों के मुताबिक सावित्री की शादी करीब छह वर्ष पहले तोताराम उर्फ राकेश से हुई थी। उसके एक बेटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here