पुतला छीनने को लेकर पुलिस-कांग्रेसियों में हुई धक्का-मुक्की
अंबेडकर पार्क से डीएम कार्यालय तक कांग्रेस ने निकाला मार्च, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और गिरफ्तारी की मांग
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने डॉ. अंबेडकर पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान अंबेडकर पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने को लेकर कांग्रेसियों और पुलिस के बीच काफी देर तक खींचतान और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के हाथ से पुतला छीन लिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने किया। कांग्रेसियों ने अंबेडकर पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग उठाई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के एजेंट की तरह काम करते हुए वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ की और देश के जनादेश को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में कथित बदलाव लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए।
जिला उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, बफाती मियां और बृजभूषण गुर्जर ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जिला महासचिव सलीम अंसारी, अकरम खान और आलोक सिंह ने कहा कि मताधिकार और स्वच्छ मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
जिला सचिव राजीव पटेल, अहमद अमजदी, विधि विभाग के जिलाध्यक्ष सूरज पाल सोलंकी, एससी कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, उझानी नगर अध्यक्ष बबलू सैफी, ककराला नगर अध्यक्ष शहजादा रिजवान और उसहैत नगर अध्यक्ष यूनिस रजा समेत अन्य नेताओं ने भी विचार रखे।
प्रदर्शन में गोपाल पांडेय, जितेंद्र राठौर, इकरार अली, विजय बहादुर, विजय वीर, साहब सिंह, ओमेंद्र चौधरी, दिनेश, लोकेश, अतुल यादव, गुलफाम अल्वी, सबलू अल्वी, इरफान सैफी, साहिल सैफी, ओमेंद्र कश्यप, मृदुलेश यादव, हेमराज कश्यप, रजनेश यादव और अवधेश सक्सेना समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।






