बारिश से फसलों को नुकसान, एमएलसी वागीश पाठक ने मांगा तत्काल सर्वे और मुआवजा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिले में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से किसानों की धान, बाजरा, गन्ने समेत विभिन्न फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में जलभराव के कारण कई स्थानों पर फसलें पानी में डूब गई हैं। किसानों की इस समस्या को देखते हुए सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) वागीश पाठक ने जिलाधिकारी को पत्र देकर फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।
एमएलसी ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि लगातार बारिश के चलते जिले के कई क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया है। इससे धान और बाजरे की फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं गन्ने की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचने की स्थिति सामने आ रही है। बारिश के कारण किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरने के साथ ही उनकी आजीविका पर भी संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने मांग की कि राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित कर प्रभावित गांवों और खेतों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। सर्वे के दौरान वास्तविक फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन किया जाए, ताकि नुकसान के अनुरूप पात्र किसानों को शासन की निर्धारित व्यवस्था के तहत आर्थिक सहायता और क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
एमएलसी ने कहा कि सर्वे प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वास्तविक रूप से प्रभावित कोई भी किसान राहत से वंचित न रह जाए। उन्होंने प्रशासन से बारिश थमने के बाद बिना देरी किए सर्वे कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया है।
वागीश पाठक ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उनके साथ खड़ा होना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को शासन स्तर पर भी उठाया जाएगा और उन्हें नियमानुसार राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा।





