एक घायल गिरफ्तार, छह फरार

जागरण मोर्चा कार्यालय
मुरादाबाद,ठाकुरद्वारा| सीओ सर्किल ठाकुरद्वारा के अंतर्गत भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके छह साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोजपुर क्षेत्र के जंगल में सात लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान भोजपुर निवासी कमरे हसन के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पर पूर्व में भी गोकशी के कई मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।घटनास्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा गोकशी में प्रयुक्त होने वाला सामान बरामद किया है। फरार छह आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।एसपी देहात कुँवर आकाश सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोकशी जैसे संगठित अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here