Home Breaking News ईद-उल-अजहा पर जनपद में अमन, भाईचारे और अकीदत का माहौल

ईद-उल-अजहा पर जनपद में अमन, भाईचारे और अकीदत का माहौल

0
240

ईद-उल-अजहा पर पीलीभीत जनपद में अमन, भाईचारे और अकीदत का माहौल

पीलीभीत। जनपद भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। शहर से लेकर कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक ईदगाहों एवं मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी गईं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

बकरीद के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने पीलीभीत ईदगाह पहुंचकर नमाजियों से मुलाकात की और ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने जनपदवासियों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। इसके बाद अधिकारियों ने ईदगाह चौराहे से बरेली गेट, कोतवाली होते हुए खकरा चौकी तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी एवं नगर पालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया एवं क्षेत्राधिकारी पूरनपुर प्रदीप दहिया ने भी थाना पूरनपुर क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का निरीक्षण किया। संवेदनशील स्थलों, प्रमुख मार्गों और नमाज स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा। जनपद में प्रभावी गश्त और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज सकुशल संपन्न हुई।

 

पूरनपुर। ईद-उल-अजहा का त्योहार अमन और सुकून के माहौल में मनाया गया। ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई। नमाज से पूर्व मुस्लिम पर्सनल बोर्ड के अध्यक्ष हाफिज नूर अहमद ने तकरीर करते हुए कहा कि आज के बच्चे मोबाइल में अधिक समय बिता रहे हैं और तालीम से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षा और इस्लामी तालीम देने की अपील की। साथ ही खुले में कुर्बानी न करने और कुर्बानी के फोटो सोशल मीडिया पर साझा न करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि नशाखोरी समाज को खोखला कर रही है और युवाओं को इससे दूर रखना जरूरी है।

 

पैगाम-ए-अमन काउंसिल के सदर एवं पूर्व सभासद तौफीक अहमद कादरी ने भी लोगों से कुर्बानी के दौरान कानून और सामाजिक सौहार्द का ध्यान रखने की अपील की। मौलाना फजले अहमद नूरी ने मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ कराई। नगर की विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई, जहां उलेमाओं ने सुन्नत-ए-इब्राहीमी अपनाने और गरीबों की मदद करने का पैगाम दिया। ईदगाह में मुफ्ती अहमद रजा ने नमाज अदा कराई। हाफिज नूर मोहम्मद अज़हरी ने ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व कुर्बानी, त्याग और इंसानियत की सेवा का संदेश देता है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, कोतवाल पवन कुमार पांडे, सभासद मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद शारिक, नादिर रजा बरकाती, मुन्ने मियां अंजना समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
शेरपुर कलां। यहां भी पारंपरिक अकीदत और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। नगर की ईदगाह में मौलाना जियाउल मुस्तफा तथा कुरैशियान मस्जिद में मौलाना साजिद रजा ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पहले से अलर्ट रहा। ईदगाह चौराहा समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बच्चों को ईदी दी गई और घरों में सेवइयों समेत पारंपरिक व्यंजनों का दौर चलता रहा। बाजारों और मेलों में बच्चों ने झूलों व खिलौनों का आनंद लिया। बाद में लोगों ने सुन्नत-ए-इब्राहीमी का पालन करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की।

जनपद भर में ईद-उल-अजहा का पर्व सौहार्द, भाईचारे और शांति के वातावरण में संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here