एक लाख से अधिक पशुओं की जांच, लंपी के मिले सिर्फ दो केस, दोनों हुए ठीक
जिले में 1.57 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य, एक लाख से अधिक को लगा टीका; पांच सदस्यीय टीम ने किया निरीक्षण
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिले में लंपी वायरस की रोकथाम को लेकर पशुपालन विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के बीच शुक्रवार को पांच सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों और पशुपालकों से बातचीत कर लंपी वायरस की स्थिति की जानकारी ली और बिंदुवार आख्या तैयार की। निरीक्षण के दौरान जिले में लंपी वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया। अब तक जिले में एक लाख से अधिक पशुओं की जांच की जा चुकी है, जिनमें केवल दो पशुओं में लंपी संक्रमण की पुष्टि हुई थी। दोनों पशु उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
जिले में लंपी वायरस की रोकथाम के लिए 1.57 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक एक लाख से अधिक पशुओं को लंपी वायरस से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। इसके साथ ही पशुओं की निगरानी और जांच का कार्य भी लगातार जारी है।
शुक्रवार को निरीक्षण के लिए पहुंची टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों से बातचीत की। अधिकारियों ने पशुओं में बीमारी के लक्षण, टीकाकरण की स्थिति और विभागीय स्तर पर की जा रही निगरानी के बारे में जानकारी ली। टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद संबंधित बिंदुओं पर आख्या तैयार की। निरीक्षण के दौरान किसी नए पशु में लंपी वायरस के लक्षण नहीं मिले।
अधिकारियों ने जिले में लंपी वायरस की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। टीम के सदस्यों ने जिला पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय की ओर से की जा रही निगरानी और टीकाकरण अभियान की सराहना की। अधिकारियों ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं और किसी भी असामान्य लक्षण की जानकारी तत्काल पशुपालन विभाग को दें।
निरीक्षण टीम में डॉ. संजीव कुमार शुक्ला, डॉ. मदनपाल सिंह, अपर निदेशक ग्रेड-2 बरेली मंडल डॉ. पीएस कोहली, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बदायूं डॉ. कर्मवीर राज सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहसवान तथा डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, उप पशु चिकित्साधिकारी बिसौली शामिल रहे। टीम ने निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली।






