Home Breaking News एचपीसीएल दोहरा हत्याकांड में गवाह राजीव कुमार सिंह के बयान दर्ज

एचपीसीएल दोहरा हत्याकांड में गवाह राजीव कुमार सिंह के बयान दर्ज

0
37

एचपीसीएल दोहरा हत्याकांड में गवाह राजीव कुमार सिंह के बयान दर्ज

गवाही पूरी नहीं हो सकी, शेष बयान के लिए अदालत ने 18 नवंबर की तारीख की निर्धारित

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैंजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुकदमे में बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक सांगल की अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए गवाह राजीव कुमार सिंह के बयान दर्ज किए गए। हालांकि, उनकी गवाही पूरी नहीं हो सकी। इस पर अदालत ने शेष बयान दर्ज कराने के लिए 18 नवंबर की अगली तारीख तय की है।

गांव सैंजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में बीते 12 मार्च को मुख्य उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्लांट परिसर में हुई इस सनसनीखेज वारदात से जिले में हड़कंप मच गया था। दो अधिकारियों की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच और विवेचना पूरी करने के बाद आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था। वर्तमान में मामले का विचारण जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा है।

बुधवार को मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाह राजीव कुमार सिंह को अदालत में पेश किया। उनके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई और गवाही के दौरान उनसे घटना से संबंधित तथ्यों पर सवाल-जवाब किए गए। हालांकि, निर्धारित समय में उनकी पूरी गवाही दर्ज नहीं हो सकी। इसके बाद न्यायालय ने शेष बयान के लिए 18 नवंबर की तारीख नियत कर दी।

मुकदमे में अभियोजन पक्ष की ओर से जिला शासकीय अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह राठौड़ पैरवी कर रहे हैं। अगली सुनवाई पर गवाह के शेष बयान दर्ज किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here