जागरण मोर्चा
पीलीभीत। अमरिया ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधानों एवं परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख निशांत सिंह उर्फ श्याम सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
ब्लॉक प्रमुख निशांत सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा बेहतर शिक्षण कार्य किया जा रहा है, जिससे बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ी है। बच्चे विभिन्न तरीकों से पढ़ना-लिखना सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह थे।उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी की एक बैठक में निर्देश दिया गया था कि परिषदीय विद्यालयों का कोई भी बच्चा चटाई पर बैठकर शिक्षा ग्रहण न करे। उसी क्रम में कई विद्यालयों में बच्चों को फर्नीचर उपलब्ध कराया गया, जिससे बच्चे काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिन विद्यालयों में कार्य अधूरा है, उन्हें भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम कैमा के ग्राम प्रधान जरनैल सिंह ने कहा कि बच्चों की शिक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षा ही बच्चों को आगे बढ़ने का प्रयास करती है।, इसलिए सभी को बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
खंड शिक्षा अधिकारी उमेंद्र दत्त त्रिपाठी ने बताया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत ग्राम प्रधानों द्वारा कई विद्यालयों में सराहनीय कार्य किए गए हैं।विद्यालय निजी स्कूलों की तरह विकसित होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरे वातावरण में पढ़ने से बच्चों में भी उत्साह बढ़ता है। जिन विद्यालयों में बाउंड्री वॉल नहीं है, उनके निर्माण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विकास क्षेत्र अमरिया के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत इंस्पायर अवार्ड विजेता छात्र-छात्राओं—सुशांत, प्रवेश कुमारी, राजवती, राधा देवी, कृष्ण पाल शर्मा, योगेश, नोमान रजा और अंशिका सहित कुल आठ बच्चों को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही कायाकल्प योजना के अंतर्गत बेहतर कार्य करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रधानाध्यापकों में महनाज बी, राजेश कुमार मिश्रा, सौरभ गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, फिरोज आलम, मोहम्मद शहरोज, छत्रपाल आर्य, मोहम्मद अथर, प्रेम सिंह एवं मलकीत सिंह शामिल रहे।इस अवसर पर कुछ ग्राम प्रधानों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रवीन कुमार शुक्ला एवं खेमपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर राजेश कुमार मिश्रा, आलोक कुमार जायसवाल, शिशुपाल सिंह, मोहम्मद अकरम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।







