तो क्या अवैध संबंधों के शक में की गई महिला की हत्या
- शादी के 12 साल बाद पति ने क्यों उठाया इतना कठोर कदम
पांच बच्चों की मां को कुल्हाड़ी से काटकर उतार दिया मौत के घाट
देर शाम तक हत्यारोपी पति ने नहीं खोली कोई जुबान
आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज, शव का कराया गया पोस्टमार्टम
मायके पक्ष के लोगों ने की कठोर कार्रवाई की मांग
पोस्टमार्टम हाउस पर चुप्पी साधे रहे आरोपी के परिजन
देवेश मिश्रा
उसहैत। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेड़ा किशनी खाम के मजरा मिढिक नगला उर्फ बीहट में मंगलवार देर रात एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के पीछे अवैध संबंधों का शक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच में ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बीहट निवासी आशीष पुत्र दुर्गापाल ने अपनी पत्नी मोहिनी (32) को कमरे में बंद कर उसके सिर और कनपटी पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के सिर पर तीन गहरे चोट के निशान बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने मायका पक्ष और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि आशीष ने वर्ष 2012 में प्रेम प्रसंग के चलते दारागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी मोहिनी से शादी की थी। दंपती के चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिजनों के मुताबिक मोहिनी करीब एक माह बाद ही मंगलवार को अपनी ससुराल बीहट आई थी। इसके बाद देर रात यह घटना हो गई।
हत्या के पीछे अवैध संबंधों का शक होने की चर्चा है। हालांकि देर शाम तक आरोपी पति की ओर से घटना के संबंध में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मायका पक्ष के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम हाउस पर भी आरोपी के परिजन चुप्पी साधे रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





