पति को स्लो प्वाइजन देने का आरोप, 3 करोड़ की संपत्ति हड़पने का मामला परामर्श केंद्र पहुंचा
अजीब-गरीब विवाद सुनकर चौंके परामर्शदाता, दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद मामला बंद
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं।
शहर के पुलिस परामर्श केंद्र में एक हैरान कर देने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया, जिसे सुनकर परामर्शदाता भी चौंक गए। मामला पति-पत्नी के बीच संपत्ति और आपसी आरोप-प्रत्यारोप से जुड़ा है, जिसमें पत्नी पर पति को धीरे-धीरे जहर (स्लो प्वाइजन) देने और करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया गया है।
बताया जाता है कि शहर कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पीड़ित पति के कई मकान हैं। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने चालाकी से उन सभी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया और उसे घर से बेदखल कर दिया। वहीं, पत्नी ने भी पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिटायरमेंट के बाद पति दूसरी महिला के साथ संबंध बनाकर शादी कर रहा रहा है।
मामला पुलिस परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां परामर्शदाता अशोक खुराना ने दोनों पक्षों को विस्तार से सुना। सुनवाई के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिससे मामला और उलझता चला गया। हालांकि, ठोस साक्ष्यों के अभाव और आपसी सहमति न बन पाने के कारण परामर्शदाताओं ने इस मामले को बंद कर दिया।
परामर्शदाताओं का कहना है कि इस प्रकार के मामले न केवल पारिवारिक संबंधों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देते हैं। उन्होंने दोनों पक्षों को आपसी समझदारी से विवाद सुलझाने की सलाह दी।
वहीं, पति का कहना है कि वह अब दर-दर भटकने को मजबूर है और अपनी संपत्ति वापस पाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगा। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।





