पलाश के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका में हाईवे जाम
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया हंगामा, पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
जागरण मोर्चा कार्यालय
कादरचौक। थाना क्षेत्र के गांव लाभारी निवासी 20 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह ककोड़ा जंगल में पलाश के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक शनिवार रात से घर से लापता था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश करते हुए पुलिस मौके तक पहुंची थी। वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मैनपुरी हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
गांव लाभारी निवासी सोरन कश्यप का 20 वर्षीय बेटा गिरिजेश शाक्य शनिवार शाम करीब आठ बजे घर से कहीं चला गया था। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। मोबाइल की लोकेशन कादरबाड़ी गांव के पास मिली। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर ककोड़ा जंगल पहुंची, जहां रविवार सुबह गिरिजेश का शव पलाश के पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर घर जाने के बजाय मैनपुरी हाईवे पर पहुंच गए। यहां कादरचौक थाने के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हाईवे पर जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।





