Home Breaking News प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में डॉ. शैलेश पाठक की एंट्री से दातागंज में...

प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में डॉ. शैलेश पाठक की एंट्री से दातागंज में सियासी सरगर्मी तेज

0
30

प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में डॉ. शैलेश पाठक की एंट्री से दातागंज में सियासी सरगर्मी तेज

45 हजार शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा से बनाई थी पहचान, सदस्यता अभियान में भी दिखाई संगठनात्मक ताकत
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तेज हुई चर्चाएं, होंगे भाजपा उम्मीदवार

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। भारतीय जनता पार्टी में लगातार संगठनात्मक सक्रियता और जनसेवा के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले डॉ. शैलेश पाठक को प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में स्थान मिलने के बाद दातागंज विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कार्यकारिणी में उनका नाम शामिल होने के बाद उन्होंने लखनऊ में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया। इस राजनीतिक उपलब्धि को क्षेत्र में उनके बढ़ते प्रभाव और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।

डॉ. शैलेश पाठक लंबे समय से भाजपा संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाया और जनपद में भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़कर अपनी संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया। उनके समर्थकों का दावा है कि बदायूं जनपद में सर्वाधिक सदस्य बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम रहा है। इसके बाद उन्होंने पिछले सावन माह में उत्तर प्रदेश की अनूठी और ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा निकालकर प्रदेशभर में चर्चा बटोरी थी। इस यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टर शामिल हुए थे, जबकि करीब 45 हजार शिवभक्तों ने सहभागिता की थी। इतने बड़े आयोजन के जरिए उन्होंने धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

अब प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में स्थान मिलने के बाद उनकी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर दातागंज विधानसभा क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनके समर्थक उन्हें भाजपा के संभावित मजबूत दावेदार के रूप में पेश कर रहे हैं। क्षेत्र में जगह-जगह उनकी राजनीतिक भूमिका और भविष्य की संभावनाओं को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।

डॉ. पाठक की राजनीति की एक खास बात यह भी बताई जाती है कि उन्होंने कई मौकों पर कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। समर्थकों के अनुसार, उन्होंने इन मामलों में पक्ष-विपक्ष का भेद किए बिना आवाज उठाई। यही वजह है कि उनके समर्थक उन्हें केवल एक राजनीतिक चेहरे के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय रहने वाले जनसेवक के रूप में देखते हैं।

दातागंज विधानसभा क्षेत्र में उनके जनाधार को लेकर भी समर्थकों में खासा उत्साह है। उनका दावा है कि क्षेत्र के विभिन्न वर्गों और जातियों के लोगों के बीच डॉ. पाठक की स्वीकार्यता है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक संबंध बनाए रखने की उनकी कार्यशैली को भी उनकी राजनीतिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है।

प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान मिलने के बाद अब सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि क्या भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में दातागंज से उन्हें प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन समर्थकों का मानना है कि यदि उन्हें टिकट मिलता है तो वह मजबूत मुकाबला पेश कर सकते हैं। उनका तर्क है कि क्षेत्र में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच नए चेहरे और सक्रिय जनसंपर्क की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

फिलहाल प्रदेश कार्यकारिणी में डॉ. शैलेश पाठक की मौजूदगी ने दातागंज की सियासत में उनकी राजनीतिक संभावनाओं को नई चर्चा दे दी है। आने वाले समय में पार्टी संगठन और चुनावी समीकरणों में उनकी भूमिका किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर क्षेत्र के राजनीतिक जानकारों की नजर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here