महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बैडमिंटन में लहराया परचम, 5 स्वर्ण व 3 कांस्य पदक जीते
पदक विजेता कविता शर्मा को सम्मानित करती एस एसपी अंकिता शर्मा
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं । जनपद की महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। उनके शानदार प्रदर्शन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया।
एसएसपी ने बताया कि आठ जुलाई से 10 जुलाई तक रामपुर में आयोजित अन्तर्जनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता में जिले से प्रतिभाग करते हुए महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने अपने आयु वर्ग के विभिन्न इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 5 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इसके बाद 23 जुलाई से 26 जुलाई तक बरेली जोन की ओर से आयोजित पुलिस वार्षिक बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता में भी कविता शर्मा ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपने आयु वर्ग के विभिन्न इवेंट्स में 3 कांस्य पदक हासिल किए।
कविता शर्मा की इस उपलब्धि शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कविता शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी खेलों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
कविता शर्मा की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल है और जनपद में गर्व की भावना देखने को मिल रही है।





