Home Breaking News महिला सवारी से बदसलूकी, बस से उतारा; डग्गामार बस चालक-परिचालक का वीडियो...

महिला सवारी से बदसलूकी, बस से उतारा; डग्गामार बस चालक-परिचालक का वीडियो वायरल

0
57

महिला सवारी से बदसलूकी, बस से उतारा; डग्गामार बस चालक-परिचालक का वीडियो वायरल

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आरिफपुर नवादा स्थित चंदौसी-बिसौली मार्ग पर डग्गामार बसों का संचालन लगातार चर्चा में बना हुआ है। मंगलवार को एक डग्गामार बस के चालक और परिचालक पर महिला यात्री के साथ अभद्रता करने और उसे बस से नीचे उतारने का आरोप लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में रोष है।

जानकारी के अनुसार, आरिफपुर नवादा के पास चंदौसी-बिसौली मार्ग पर हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के बद्दी जाने वाली एक बस रुकी थी। चालक और परिचालक सवारियों को बस में बैठा रहे थे। इसी दौरान एक महिला यात्री ने सीट को लेकर चालक-परिचालक से बात की। आरोप है कि सीट दिलाने को लेकर शुरू हुई बातचीत कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।

महिला का आरोप है कि बस के चालक और परिचालक ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर बदसलूकी करते हुए महिला को बस से नीचे उतार दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चंदौसी-बिसौली मार्ग और आरिफपुर नवादा क्षेत्र में लंबे रूट की कई बसें बिना पर्याप्त वैधानिक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों के संचालन किए जाने के आरोपों से घिरी रहती हैं। यात्रियों का आरोप है कि इन बसों में अक्सर मनमानी और अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कराने तथा नियमों के विपरीत संचालित डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित बस के पास आवश्यक परमिट और अन्य वैध दस्तावेज थे या नहीं।

वर्जन

इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है अगर शिकायत मिलती है तो जांच कर कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दगा मार के खिलाफ अभियान जारी है। लगातार कार्रवाई की जा रही है। हरिओम कुमार, एआरटीओ बदायूं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here