Home Breaking News मुख्य बाजार में चोरों का तांडव, दो दुकानों से लाखों की चोरी...

मुख्य बाजार में चोरों का तांडव, दो दुकानों से लाखों की चोरी कोतवाली से 400 मीटर दूर वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

0
144

मुख्य बाजार में चोरों का तांडव, दो दुकानों से लाखों की चोरी

कोतवाली से 400 मीटर दूर वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। शहर के मुख्य बाजार में गुरुवार रात चोरों ने जमकर तांडव मचाते हुए दो दुकानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर फरार हो गए। खास बात यह है कि यह वारदात सदर कोतवाली से महज करीब 400 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार स्थित ‘प्रभात जनरल मर्चेंट’ की दुकान से चोर लगभग 5 लाख रुपये की नकदी सहित करीब 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वहीं पास ही स्थित ‘गांधी ड्रायफ्रूट्स’ की दुकान से भी चोरों ने करीब पौने दो लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान पार कर दिया। सुबह जब दुकान मालिक अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ताले टूटे और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते दुकानों में दाखिल हुए। बाजार की चार दुकानों के दरवाजे काटकर चोरी का प्रयास किया गया, जिनमें से दो दुकानों में चोर सफल रहे जबकि अन्य दुकानों में वे पूरी तरह कामयाब नहीं हो सके। दुकानों में सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण चोरों की पहचान करने में पुलिस को दिक्कत आ सकती है।

घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इतनी बड़ी चोरी शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में हुई, वह भी कोतवाली के बेहद करीब। इसके बावजूद पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे व्यापारियों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर पुलिस की गश्त नियमित और प्रभावी होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाल संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश भी की जा रही है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

इस घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। कई दुकानदारों ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here