Home Breaking News मेला ककोड़ा में बिजली, शौचालय और सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता पर रहेगा...

मेला ककोड़ा में बिजली, शौचालय और सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर 17 नवंबर को होगा झंडी पूजन, 23 को मेले का उद्घाटन और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान

0
11

मेला ककोड़ा में बिजली, शौचालय और सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर

17 नवंबर को होगा झंडी पूजन, 23 को मेले का उद्घाटन और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान

जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। रोहिलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध मेला ककोड़ा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। मेले में विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेला 17 नवंबर से एक दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। 17 नवंबर को ककोड़ा देवी मंदिर से मेला स्थल तक झंडी ले जाकर पूजन किया जाएगा, जबकि 23 नवंबर को मेले का उद्घाटन और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से अपने दायित्व पूरे करने के निर्देश दिए। कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से मिलने पर लोक निर्माण विभाग प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराए।

सीसीटीवी और वाचटावर से होगी निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और जिला पंचायत के अधिकारी संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण करेंगे। सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता का आकलन कर उन्हें लगाया जाएगा। कैमरों की निगरानी के लिए अस्थायी कोतवाली में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। गत वर्षों की तरह घुड़सवार पुलिस, पीएसी, मोटरबोट सहित तैराकी पुलिस, वाचटावर और पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शौचालयों की होगी नियमित निगरानी

सीडीओ ने मेले में प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास, दोना-पत्तल और पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त कर्मचारी, वाटर टैंक, मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। शौचालयों की नियमित निगरानी होगी, ताकि गंदगी न होने पाए। शुद्ध पेयजल के लिए 525 अस्थायी हैंडपंप लगाने के साथ पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

चिकित्सा और रोशनी की पुख्ता व्यवस्था

मेले में अस्थायी चिकित्सालय स्थापित कर पर्याप्त चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, दवाएं, चिकित्सा उपकरण और बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। एंबुलेंस के साथ बाइक एंबुलेंस की भी व्यवस्था होगी। प्रकाश के लिए जनरेटर, एलईडी बल्ब, फोकस लाइट और हाईमास्ट लगाए जाएंगे। धूल से राहत दिलाने के लिए टैंकरों से नियमित पानी का छिड़काव कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दूध और दही की बिक्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

बसों की व्यवस्था पर जताई नाराजगी

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान रोडवेज के एआरएम के स्वयं बैठक में शामिल न होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने उनकी लाइव लोकेशन प्राप्त कर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की स्वयं उपस्थिति जरूरी है। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए रोडवेज के साथ निजी बसों की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पर्याप्त दवाओं और स्टाफ के साथ अस्थायी पशु चिकित्सालय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होंगी खेल प्रतियोगिताएं

मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोककला, जादू और कठपुतली के आयोजन होंगे। सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विकास प्रदर्शनी और एलईडी वैन की व्यवस्था की जाएगी। अस्थायी स्टेडियम में कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल और दौड़ प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। संचार व्यवस्था सुचारू रखने के लिए बीएसएनएल, एयरटेल और जियो के अस्थायी मोबाइल टावर भी लगाए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here