यातायात माह का शुभारंभ, बाइक रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
एसएसपी अंकिता शर्मा और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, यातायात नियमों के पालन की अपील
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिले में सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ रिजर्व पुलिस लाइन्स में किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान यातायात जागरूकता बाइक रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम में एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और अपनी निर्धारित लेन में चलने की हिदायत दी। उन्होंने स्टंट बाइकिंग, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के प्रयोग से बचने तथा सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, इंदिरा चौक, लावेला चौक और जेल तिराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
इस मौके पर एएसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, एएसपी एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, एआरटीओ हरिओम गौतम, यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा, यातायात पुलिसकर्मी, ऑटो व ई-रिक्शा चालक, पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी, राजकीय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बदायूं पुलिस ने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।







