शाहगढ़ में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मचा कोहराम
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पूरनपुर। युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के पास हुई। घटना की जानकारी मिलने पर जीआरपी व माधोटांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच पडताल शुरू कर दी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव अभयपुर निवासी भगवत शरण गुरुबार को बरेली में भर्ती एक मरीज को देखने गया था। वह पैसेंजर ट्रेन से वापस घर को लौट रहा था। ट्रेन जैसे ही शाहगढ़ रेलवे स्टेशन पर रुकी, इसी दौरान युवक ट्रेन से उतर रहा था। तभी अचानक व ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल वन गया। बडी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर जीआरपी व माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की सूचना पर मृतक के परिवार में चीत्कार मच गई। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे, पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिनका रो रो कर बुराहाल है।




