जागरण मोर्चा
शाहबाद।तहसील क्षेत्र की नगर पंचायत सैफनी निवासी विष्णु शर्मा की पुत्री अंशिका शर्मा ने उत्तर प्रदेश पीसीएस परीक्षा पास करते हुए नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर शाहबाद क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंशिका ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में नायब तहसीलदार पद पर तीसरी रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।अंशिका एक राजस्व विभाग से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके पिता विष्णु शर्मा तहसील मिलक में राजस्व निरीक्षक पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके भाई अनुभव वशिष्ठ तहसील शाहबाद में लेखपाल तथा भाभी शिल्पा शर्मा तहसील सदर में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं।अंशिका की बहन शैफाली क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी है। परिवार के सभी सदस्य राजस्व विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे अंशिका को शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने की प्रेरणा मिली। अंशिका ने बताया कि परिवार के सदस्यों को राजस्व विभाग में कार्य करते हुए देखकर उनका सपना भी एक राजस्व अधिकारी बनने का था। मात्र 25 वर्ष की उम्र में ही अपने पहले ही इंटरव्यू प्रयास में यह सफलता प्राप्त की, जो उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार के सहयोग और भगवान भोलेनाथ की कृपा को दिया। अंशिका के अनुसार, तैयारी के कठिन दौर में भगवान भोलेनाथ ने उन्हें हमेशा हिम्मत और आत्मविश्वास प्रदान किया। अंशिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







