Home Breaking News शोभायात्रा पर कीचड़ फेंकने को लेकर हंगामा, पुलिस की सूझबूझ से मामला...

शोभायात्रा पर कीचड़ फेंकने को लेकर हंगामा, पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत

0
110

शोभायात्रा पर कीचड़ फेंकने को लेकर हंगामा, पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत

 

मूसाझाग थाना क्षेत्र के मचलई गांव का मामला, करीब पौन घंटे रुकी रही शोभायात्रा

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के मचलई गांव में कृष्ण जन्मोत्सव के उपरांत निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान झांकियों पर कीचड़ फेंके जाने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने विरोध जताया और बीच रास्ते में करीब पौन घंटे तक जुलूस रुका रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

 

जानकारी के अनुसार, मचलई गांव में राधाकृष्ण मंदिर पर प्रतिवर्ष कृष्ण जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाता है। जन्माष्टमी के अगले दिन मंदिर से विभिन्न झांकियों के साथ पूरे गांव में विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है। रविवार को भी परंपरा के अनुसार श्रद्धालु झांकियों के साथ शोभायात्रा लेकर निकले थे।

 

बताया जा रहा है कि शोभायात्रा गांव के एक रास्ते से गुजर रही थी, इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा झांकियों पर कीचड़ फेंके जाने का आरोप लगाया गया। घटना के बाद शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और तनाव की स्थिति बनने लगी। विरोध के चलते शोभायात्रा करीब पौन घंटे तक बीच रास्ते में रुकी रही।

 

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार तथा थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद शोभायात्रा को आगे रवाना किया गया।

 

पुलिस ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा पुलिस सतर्कता बरत रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here