श्रद्धालुओं से भरे वाहन को दूध पिकअप ने मारी टक्कर, दो की मौत
नौ घायल, चार की हालत गंभीर; चालक मौके से फरार
जागरण मोर्चा कार्यालय
बिसौली। क्षेत्र के बैन गांव से फकावली-आसफपुर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन को डीपाल स्कूल के सामने तेज रफ्तार दूध से लदी पिकअप ने टक्कर मार दी। भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
हादसे में देहमूं, बिल्सी निवासी मुंशीलाल (36) पुत्र नेक्सों और कटोरी (65) पत्नी लीलाधर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं फूल सिंह (40), उनकी पत्नी सर्वेश (38), पुत्र गौरव (9), अखिलेश (18), शिवम (16), मुंशीलाल की पत्नी बॉबी (35), पुत्र संजू (18), वाहन चालक हेमसिंह (32) पुत्र केवल निवासी बैन थाना बिल्सी तथा अंशुमान पुत्र दुर्गेश निवासी बैन घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद फूल सिंह, हेमसिंह, गौरव और संजू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







