आबिद रजा के निर्देशन में पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने हर समाज का जीता दिल, स्व. केवल खुराना के नाम हुआ मार्ग
पथिक चौक से भगत सिंह चौक तक की सड़क अब कहलाएगी ‘आईपीएस स्व. केवल खुराना मार्ग’, चेयरपर्सन ने शिलापट का किया लोकार्पण
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। शहर की राजनीति और सामाजिक सरोकारों के बीच नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन फात्मा रजा ने एक ऐसा निर्णय लेकर शहर के हर समाज का दिल जीतने का प्रयास किया है, जिसकी सराहना हो रही है। पथिक चौक से सरदार भगत सिंह चौक तक जाने वाली सड़क अब आईपीएस स्वर्गीय केवल खुराना मार्ग के नाम से जानी जाएगी। रविवार को पथिक चौक पर आयोजित समारोह में चेयरपर्सन फात्मा रजा ने मार्ग के नामकरण संबंधी शिलापट का लोकार्पण किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक आबिद रजा की मौजूदगी और उनके निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों की भागीदारी ने सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि बदायूं के लिए यह गौरव और सम्मान का अवसर है। स्वर्गीय केवल खुराना ने पुलिस सेवा में रहते हुए अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और कार्यशैली से न केवल पुलिस विभाग में बल्कि समाज के बीच भी विशिष्ट पहचान बनाई थी। आमजन के प्रति उनका समर्पण और सेवा भावना हमेशा याद रखी जाएगी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि किसी ऐसे व्यक्तित्व के नाम पर मार्ग का नामकरण करना, जिसने अपने कार्यों से समाज में सम्मान अर्जित किया हो, वास्तव में सराहनीय पहल है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोग उनके नाम और योगदान से परिचित होंगे तथा कर्तव्य और सेवा की भावना से प्रेरणा लेंगे।
आबिद रजा ने इस निर्णय के लिए नगर पालिका अध्यक्ष और सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ उन लोगों को सम्मान देना भी जरूरी है, जिन्होंने अपने जीवन में समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। ऐसे कार्य सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
समारोह की अध्यक्षता कर रहीं चेयरपर्सन फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शहर के मार्गों का नामकरण उन महान व्यक्तित्वों के नाम पर किया जाना चाहिए, जिनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक रहा हो। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय केवल खुराना का नाम इस मार्ग से जुड़ना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। मार्ग को रोशनी से जगमग करने का संकल्प भी पूरा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ने के साथ लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ सामाजिक सम्मान और सद्भाव को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर स्वर्गीय केवल खुराना के पिता एवं वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खुराना ने नगर पालिका परिषद, चेयरपर्सन फात्मा रजा, पूर्व मंत्री आबिद रजा और कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, ‘नगरपालिका ने किया बहुत बड़ा यह काम, याद रहेगा सर्वदा अब केवल का नाम।’ उनके इन शब्दों ने समारोह के माहौल को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया। समारोह में ज्योति मेहंदीरत्ता, सुभाष बतरा, डीके चड्ढा, गुरदीप सिंह, हरभजन सिंह, एमपी सिंह, वी.डी. चांडक, जगदीश धींगड़ा, रुचित खन्ना, दीपक सक्सेना, अशोक सक्सेना, अशोक नारंग, विजय मेहंदी रत्ता, शरद शंखधार, आचार्य संजीव रूप, भीमसेन सागर, सुनील नारंग और गुरुचरण मिश्रा सहित सभासद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
मार्ग के नामकरण को शहर के एक ऐसे व्यक्तित्व के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने अपनी सेवाओं से समाज में अलग पहचान बनाई। समारोह में विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर होता है।






