Home Breaking News चतुर्थ सोमवार को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण...

चतुर्थ सोमवार को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण शाही चौकी, टाइगर तिराहा समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था परखी, श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश

0
41

चतुर्थ सोमवार को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

 

शाही चौकी, टाइगर तिराहा समेत प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था परखी, श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात प्रबंधन को लेकर दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक।

 

जागरण मोर्चा ब्यूरो

 

पीलीभीत। श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक ने थाना जहानाबाद की शाही चौकी क्षेत्र में शाही चौकी, टाइगर तिराहा सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरों, यातायात व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति को परखा। इसके साथ ही कांवड़ सहायता एवं मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और अन्य विभागों के कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार के निर्देश

 

पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए।

 

उन्होंने कांवड़ मार्गों पर लगातार पैदल गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

कांवड़ियों से लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से भी संवाद किया तथा मार्ग में उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से जलाभिषेक करने तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

 

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जा रही नजर

 

जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, मंदिरों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन एवं अन्य माध्यमों से भी लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

 

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चतुर्थ सोमवार को लेकर पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here