जागरण मोर्चा
पूरनपुर। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका के बीच हाल ही में घोषित अंतरिम ट्रेड डील (फ्री ट्रेड समझौते) और केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

किसानों ने इस डील को भारतीय कृषि और स्थानीय बाजारों के लिए घातक बताया और विरोध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाने की कोशिश की।प्रदर्शन की पूर्व सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। पूरनपुर कोतवाली के अलावा सेहरामऊ, माधोटांडा और घुंघचिहाई थानों की फोर्स तैनात की गई। सिरसा चौराहा, घुंघचिहाई चौराहा, मंडी समिति गेट और तहसील परिसर सहित प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया भी मौके पर मौजूद रहे।

तहसील कर्मचारियों को भी सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न पॉइंट्स पर तैनात किया गया।तहसील परिसर में किसान नेताओं और प्रशासन के बीच पुतला दहन को लेकर तीखी बहस और नोकझोंक हुई। किसान नहीं माने और तहसील से पैदल मार्च निकालकर सिरसा चौराहे की ओर बढ़ गए, जहां पुतले पहले से पहुंचाए जा चुके थे। किसानों ने प्रशासन से साफ कहा कि वे भारत के प्रधानमंत्री का पुतला नहीं, बल्कि केवल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाना चाहते हैं, क्योंकि डील से भारतीय किसानों को नुकसान हो रहा है।इस पर पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें पुतलों के कपड़े फट गए। गुस्साए किसानों ने पुतले के बचे हुए अवशेषों में आग लगा दी और जोरदार विरोध दर्ज कराया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर तैनात रही और फायरकर्मियों ने गैस की मदद से आग बुझाई।किसान नेताओं ने कहा कि भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील (जिसके तहत अमेरिकी कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम या खत्म करने की बात है) से देश के किसानों की आय पर बुरा असर पड़ेगा, स्थानीय बाजार बर्बाद होंगे और सस्ते आयात से भारतीय उत्पादक प्रभावित होंगे। उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्ज माफी और किसान हितैषी नीतियों की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री और अमेरिका के राष्ट्रपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।इस मौके पर भूपेंद्र सिंह (तराई प्रदेश अध्यक्ष), गुरविंदर सिंह (प्रदेश सचिव), गुरजिंदर सिंह (मंडल उपाध्यक्ष), मनदीप सिंह (तहसील प्रभारी कलीनगर), गुरप्रीत सिंह (तहसील अध्यक्ष बीसलपुर), जगविंदर सिंह (तहसील अध्यक्ष पूरनपुर), अमरीक सिंह (जिला सचिव), रेशम सिंह, गुरदीप सिंह, श्यामल सरकार और सुरेश यादव सहित दर्जनों किसान नेता मौजूद रहे।यह प्रदर्शन पूरे देश में चल रहे किसान विरोध का हिस्सा है, जहां विभिन्न संगठन इस ट्रेड डील को किसानों के खिलाफ बता रहे हैं। प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्ण रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here