Home Breaking News भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के खिलाफ भाकियू असली का तहसील सदर में प्रदर्शन,...

भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के खिलाफ भाकियू असली का तहसील सदर में प्रदर्शन, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

0
12

भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के खिलाफ भाकियू असली का तहसील सदर में प्रदर्शन, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

रास्ता कब्जा, खाद किल्लत व राशन घोटाले पर किसान भड़के, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (असली गैर-राजनैतिक) ने शुक्रवार को तहसील सदर बदायूं में भ्रष्टाचार और विभिन्न अनियमितताओं को लेकर मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी भागमल यादव ने की, जबकि संचालन युवा जिला अध्यक्ष जसवीर यादव ने किया।

जिला सचिव सूरज पाल सिंह ने बताया कि विकासखंड जगत के ग्राम फरीदापुर सानी में 18 अप्रैल 2026 को दबंगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर पक्की दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि संबंधित लेखपाल ने आर्थिक साठगांठ कर मामले को दबा दिया है।

इसके अलावा उझानी रोड पर चंद्रका देवी इंटर कॉलेज के पास सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें बना ली गई हैं, जिस पर भी प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं बदायूं-बिसौली मार्ग पर बजरी व रेत विक्रेताओं द्वारा सड़क तक माल उतारने से जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

जिला अध्यक्ष केपीएस राठौड़ ने कहा कि किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की भारी कमी झेलनी पड़ रही है। निजी दुकानदार ओवररेट पर खाद बेचकर किसानों का शोषण कर रहे हैं। सहकारी समितियों पर भी अतिरिक्त रकम वसूली जा रही है। उन्होंने ऐसे दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।

राशन व्यवस्था में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बताया गया कि सलारपुर ब्लॉक में ट्रांसपोर्टर द्वारा भीगा हुआ गेहूं अधिक वजन दिखाकर सप्लाई किया जा रहा है, जिससे राशन डीलरों को कम अनाज मिल रहा है और गरीबों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इसके अलावा तहसील में दाखिल-खारिज, पैमाइश व प्रमाण पत्रों के नाम पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाते हुए कहा गया कि बिना पैसा दिए कोई कार्य नहीं होता। यूनियन ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान हरीश पटेल, प्रताप सिंह, भावेश सिंह, खान बहादुर, अरुण शर्मा, विपिन माहेश्वरी, कमल गुप्ता, रामेंद्र यादव, पप्पू मौर्य, शिवपाल यादव, गंगा सिंह, द्वारकेश सिंह, परमेश्वरी, वसीम, गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here