व्यापारियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
जागरण मोर्चा कार्यालय
स्वार। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचकर सरकारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार आकाश संत को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनवर अली के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि वे पूर्व में भी कई बार अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में कहा कि सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन और सर्जन डॉक्टर की सुविधा न होने से क्षेत्र की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई के इस दौर में निजी अस्पतालों में जांच और ऑपरेशन कराना गरीब परिवारों के लिए मुश्किल हो गया है। व्यापारियों ने यह भी बताया कि अस्पताल में मौजूद एक्स-रे मशीन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसे जल्द बदले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने और सर्जन चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती की मांग की, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।ज्ञापन देने वालों में उपाध्यक्ष अजेन्द्र राठौर, महासचिव गुड्डू अली, हाशिम शान, गगन सचदेवा, मोहम्मद इरफान, इरफान अली, रईस अहमद, गुड्डू हाफिज, शाहनवाज, फराज अहमद, मुनीष लाला समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।







