Home Breaking News सीकरी बवाल के बाद डीआईजी सख्त, उपद्रवियों पर कार्रवाई के निर्देश

सीकरी बवाल के बाद डीआईजी सख्त, उपद्रवियों पर कार्रवाई के निर्देश

0
114

सीकरी बवाल के बाद डीआईजी सख्त, उपद्रवियों पर कार्रवाई के निर्देश

 

 

गांव पहुंचकर हालात का लिया जायजा, संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर हुए विवाद और पुलिस पर पथराव की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को बरेली रेंज के डीआईजी अजय साहनी ने बदायूं पहुंचकर अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

 

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी। पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिस टीम पर पथराव किया गया। घटना में पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ अन्य लोगों और पत्रकारों के घायल होने की जानकारी सामने आई।

 

डीआईजी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को उपद्रव में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए। नामजद और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगातार दबिश देने के निर्देश भी दिए गए।

 

उन्होंने अधिकारियों से गांव में वर्तमान हालात की जानकारी लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। पुलिस-प्रशासन की ओर से गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जाए और किसी भी संभावित विवाद या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

 

अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस की निगरानी के बीच ग्रामीणों से भी शांति बनाए रखने तथा किसी प्रकार की अफवाह पर विश्वास नहीं करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here