साइबर ठगी के खिलाफ ह्यूमन विजन फाउंडेशन चलाएगा ‘साइबर सेफ सोसायटी मिशन-2026’
गांव-गांव और विद्यालयों तक पहुंचेगा जागरूकता अभियान, महिलाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों पर रहेगा विशेष जोर
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। बढ़ती ऑनलाइन ठगी, डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से नागरिकों को बचाने के लिए ह्यूमन विजन फाउंडेशन ट्रस्ट ने ‘साइबर सेफ सोसायटी मिशन-2026’ शुरू करने की तैयारी की है। अभियान को प्रारंभिक चरण में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके तहत गांवों से लेकर विद्यालयों, महाविद्यालयों और शहरी क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक रितेश भारतीय ने बताया कि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, ओटीपी, फर्जी केवाईसी कॉल, फर्जी नौकरी, लोन, निवेश और संदिग्ध लिंक के जरिए साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जानकारी के अभाव में कई लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं। इसी को देखते हुए ट्रस्ट ने साइबर जागरूकता को व्यापक सामाजिक अभियान का रूप देने का निर्णय लिया है।
डीएम से मांगा प्रशासनिक सहयोग
अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए संस्था की ओर से डीएम अवनीश राय से प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया गया है। ट्रस्ट का प्रयास है कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों तक साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी पहुंचाई जाए।
ओटीपी से लेकर फर्जी लिंक तक बताए जाएंगे बचाव के तरीके
अभियान के दौरान लोगों को ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम व डेबिट कार्ड, सीवीवी, फर्जी लिंक, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया अकाउंट, फर्जी केवाईसी, ऑनलाइन नौकरी, लोन और निवेश से जुड़ी ठगी से बचने के उपाय बताए जाएंगे। लोगों को समझाया जाएगा कि बैंकिंग और डिजिटल भुगतान से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
विद्यार्थियों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान
ट्रस्ट की योजना में विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को प्राथमिकता दी गई है। विद्यालयों व महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया सुरक्षा, साइबर बुलिंग, फर्जी प्रोफाइल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए होने वाली ठगी के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को फर्जी बैंक अधिकारी बनकर किए जाने वाले फोन कॉल, ओटीपी और यूपीआई से संबंधित धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
‘सतर्क नागरिक, सुरक्षित परिवार’ होगा संदेश
ट्रस्ट के संयुक्त सचिव अवनीश कुमार ने बताया कि अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रहेगा। जागरूकता के बाद लोगों की प्रतिक्रिया और साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी के स्तर का भी मूल्यांकन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक साइबर सुरक्षा की बुनियादी जानकारी पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ साइबर अपराध के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं। ऐसे में तकनीकी उपायों के साथ नागरिकों को जागरूक करना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से ‘सतर्क नागरिक, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ ‘साइबर सेफ सोसायटी मिशन-2026’ को आगे बढ़ाया जाएगा।




