कार्रवाई से कोतवाली परिसर में मचा हड़कंप
जागरण मोर्चा
स्वार|एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली स्वार में तैनात दरोगा ओंकारनाथ को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम दरोगा अपने साथ थाना अजीमनगर ले गई। पूछताछ शुरूकर दी। इस कार्रवाई से कोतवाली परिसर में हड़कंप मच गया। दिन भर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही।
मामला थाना अजीमनगर क्षेत्र के गांव सिंगनखेड़ा से जुड़ा है। गांव निवासी यशवीर सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि मामले में कार्रवाई के नाम पर दरोगा ओंकारनाथ ने यशवीर सिंह पर दबाव बनाकर 10 हजार रुपये की मांग कर दी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत मुरादाबाद एंटी करप्शन के प्रभारी नवल मारवा से की। प्रभारी ने शिकायत की जांच की। जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने योजना के तहत कोतवाली के आसपास जाल बिछाया। यशवीर सिंह को रिश्वत की रकम देकर कोतवाली में मौजूद दरोगा के पास भेजा। जैसे ही दरोगा ने यशवीर सिंह से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दारोगा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दरोगा को अपने साथ अजीमनगर थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी गई। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एंटी करप्शन टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।







