गेहूं की बुवाई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंजनी में बुधवार तड़के हुआ हादसा
जागरण मोर्चा कार्यालय
चलते रोटावेटर को चेक करने के लिए नीचे उतरते समय फिसला पैर, मौके पर तोड़ा दम
चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सैंजनी में बुधवार सुबह खेत पर गेहूं की बुवाई करने गए 18 वर्षीय युवक की रोटावेटर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक चालू रोटावेटर को चेक करने के लिए नीचे उतर रहा था। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव सैंजनी निवासी राधेश्याम का 18 वर्षीय पुत्र हरीश कुमार बुधवार सुबह करीब छह बजे अपने फुफेरे भाई सोमबीर पुत्र भगवान दास के खेत में गेहूं की बुवाई करने गया था। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, बुवाई शुरू करने से पहले हरीश रोटावेटर को चालू कर उसकी जांच करने के लिए नीचे उतर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और तेज गति से चल रहे रोटावेटर के ब्लेड की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि हरीश गंभीर रूप से कट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही सीओ चंदौसी विवेक जावला और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से मामले की जानकारी जुटाई।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक हरीश ने हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी और वर्तमान में घर के कामकाज व खेती में हाथ बंटाता था। उसके परिवार में मां रूपवती, बड़ी बहन क्रांति और तीन भाई नीरज, राहुल व आरव हैं। हरीश की असमय मौत से मां रूपवती और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी परिजनों की तरफ से कोई भी शिकायती पत्र नहीं दिया गया है






