आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, म्याऊं क्षेत्र में सनसनी
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। सोमवार सुबह म्याऊं क्षेत्र के गौतरा मोड़ के पास एक आम के पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने और खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब पेड़ पर शव लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान भीमसेन गुप्ता (38 वर्ष) पुत्र राधेलाल गुप्ता, निवासी ग्राम गौतरा, भौनी पट्टी, थाना उसावां के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।




