सैदपुर में कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर शुरू, इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने किया उद्घाटन
नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान ने पेश की गंगा-जमुनी मिसाल, चौथे वर्ष भी लगा कांवड़ सेवा शिविर
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। सावन माह में भगवान शिव के भक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से नगर पंचायत सैदपुर के अध्यक्ष इशरत अली खान की पहल पर सोमवार को कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन वजीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष इशरत अली खान ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़ियों की सेवा करना उनका नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि यह शिविर पिछले चार वर्षों से लगातार लगाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, चाय, नाश्ता, विश्राम की व्यवस्था के साथ-साथ प्राथमिक उपचार की भी समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इशरत अली खान ने कहा कि यह शिविर केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि सैदपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
शिविर के उद्घाटन समारोह में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही। इस दौरान जफर अली खान, अमन, राजीव पाराशरी, विद्या राम मौर्य, मोहित शंखधार, राजुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।





