ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था हर समय प्रभावी बनी रहनी चाहिए और सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक संसाधन लगातार क्रियाशील स्थिति में रहें।
उन्होंने वेयरहाउस परिसर की नियमित निगरानी, साफ-सफाई एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर भी जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखी जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





