कांवड़ यात्रा-2026: ‘जीरो इंसिडेंट-जीरो एक्सीडेंट’ लक्ष्य के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
बदायूं । आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा ने पुलिस लाइन बदायूँ में उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इससे पूर्व उन्होंने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का जिलाधिकारी अवनीश राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय साहनी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं जनसुविधाओं की तैयारियों का गहन अवलोकन किया। बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्लान, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन व्यवस्था एवं आपातकालीन रिस्पांस सिस्टम की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाया जाए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता, निरंतर पुलिस गश्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
समीक्षा गोष्ठी में ‘जीरो इंसिडेंट, जीरो एक्सीडेंट’ लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बरेली, सम्भल और शाहजहाँपुर जनपदों के साथ समन्वय बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
गोष्ठी में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, एम्बुलेंस, पेयजल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।





