ओवर स्पीड पर सख्ती: 115 से अधिक गति वाले वाहनों के चालान, परिवहन विभाग की कार्रवाई तेज
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए ओवर स्पीड में चलने वाले वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। जिलाधिकारी एवं शासन के निर्देशों के क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्री हरिओम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण तेज गति और चालक की लापरवाही है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा इंटरसेप्टर में लगी स्पीड गन के माध्यम से 115 से अधिक गति से चलने वाले वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई गई। विभाग ने 32 बिना हेलमेट वाहन चालकों, 19 बिना सीट बेल्ट, 9 रॉन्ग साइड ड्राइविंग और 10 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के चालान किए।
परिवहन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। तेज गति से वाहन चलाने से बचें और मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




