कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा: मण्डलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं को वितरित किए फल-प्रसाद
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं । श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शुक्रवार को मण्डलायुक्त बरेली शंभु कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय साहनी ने अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। विशेष रूप से पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाए।
अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, पार्किंग प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों का आवागमन सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बना रहे। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का प्रयोग शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर बदायूँ अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।






