Home Breaking News कुट्टी मशीन का तार लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक,...

कुट्टी मशीन का तार लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत चार अस्पतालों में कराया उपचार, नहीं बच सकी जान; पोस्टमार्टम से किया इन्कार

0
59

कुट्टी मशीन का तार लगाते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत

चार अस्पतालों में कराया उपचार, नहीं बच सकी जान; पोस्टमार्टम से किया इन्कार

                                                  मृतक का फ़ाइल फ़ोटो
जागरण मोर्चा कार्यालय
आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सुरैनी में मंगलवार शाम कुट्टी मशीन की मोटर का बिजली का तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे चंदौसी, बहजोई, संभल और मुरादाबाद के अस्पतालों में उपचार के लिए ले गए, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके। बुधवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव सुरैनी निवासी पूरन प्रकाश (25) पुत्र राजेंद्र मंगलवार शाम करीब छह बजे घर के सामने बने घेर में कुट्टी मशीन की मोटर का बिजली का तार लगा रहे थे। परिजनों के अनुसार, एक तार मशीन में लगाने के बाद जब वह दूसरा तार जोड़ रहे थे, तभी तार उनके हाथ से चिपक गया। नंगे पैर होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे के बाद परिजन तत्काल उन्हें चंदौसी के अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें बहजोई और फिर संभल के अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बेहतर उपचार की उम्मीद में मुरादाबाद ले जाया गया, लेकिन वहां भी उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। बुधवार को शव गांव लाया गया।

पूरन प्रकाश तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके बड़े भाई राधा चरण कोटा डीलर हैं, जबकि छोटे भाई सत्यवीर हैं। करीब छह वर्ष पहले उनका विवाह क्रांति देवी के साथ हुआ था। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। युवक की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बुधवार को गांव और रिश्तेदारों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में पूरन प्रकाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here