ग्राम सुरसेना में सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों ने जताया विरोध, 
तीन माह बाद भी शुरू नही हुआ सड़क निर्माण कार्य
जागरण मोर्चा कार्यालय
वजीरगंज । वजीरगंज विकासखंड के सुरसेना गांव में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान होकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने वजीरगंज-आंवला मार्ग पर भरे पानी में धान की रोपाई कर सड़क निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। विरोध का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वजीरगंज से आंवला मार्ग का शिलान्यास लगभग तीन माह पूर्व केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा द्वारा किया गया था, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को संपर्क मार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। सावन माह में इसी रास्ते से हरिद्वार और कछला गंगा घाट से जल भरकर कांवड़िए सुरसेना के शिव मंदिर एवं गौरीशंकर गुलरिया मंदिर तक जलाभिषेक के लिए जाते हैं, लेकिन सड़क पर भरे पानी के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। इसके विरोध में उन्होंने सड़क पर पानी के बीच धान की रोपाई कर प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।




