सेहरामऊ क्षेत्र में देर रात सड़क पर टहलता दिखा बाघ
गश्ती कर रही पुलिस ने बनाया टहलते बाघ का वीडियो
जागरण मोर्चा, कार्यालय
पूरनपुर। सेहरामऊ क्षेत्र के गांव गढ़ाकला–नवदिया मार्ग पर सोमवार की देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब करीब 11 बजे एक बाघ सड़क पर बेखौफ चहलकदमी करता दिखाई दिया। उस समय क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर बाघ पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए उसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाघ कुछ देर तक सड़क पर टहलता रहा और आसपास का जायजा लेता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने किसी प्रकार की जल्दबाजी नहीं दिखाई और वाहन को सुरक्षित दूरी पर रोककर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। कुछ देर बाद बाघ सड़क छोड़कर पास के जंगल और गन्ने के खेतों की ओर चला गया। वीडियो वायरल होने के बाद गढ़ाकला, नवदिया और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बाघ की मौजूदगी की आशंका जताई जाती रही है,लेकिन इस बार वह मुख्य सड़क पर दिखाई देने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने रात के समय घरों से बाहर निकलने से बचने और बच्चों को अकेले खेतों की ओर नहीं भेजने का निर्णय लिया है। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई। बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं बाघ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे भगाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें। फिलहाल वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से इलाके पर नजर रखे हुए हैं तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील कर रहे हैं।





