जांच कमटी ने निर्माण सामग्री खराब क्वालिटी की पाई
ठेकेदार को महाविद्यालय प्रशासन ने नहीं हटने दी निर्माण सामग्री 
-घटिया सामग्री से बनाए जा रहे पी जी ब्लाक में पड़ी रेता व ईट
जागरण मोर्चा कार्यालय
बीसलपुर, 3 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से राजकीय स्नातकोत्तरमहाविद्यालय में बनाए जा रहे पी जी ब्लॉक भवन में निर्माण सामग्री घटिया क्वालिटी की लगाई जाने की जांच जिला अधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने शुरू कर दी है। टीम ने खराब क़्वालिटी की सामग्री को हटाए जाने के निर्देश दिए हैं। जबकि महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यवाही ना होने तक सामग्री को हटाए जाने पर रोक लगा दी है।
विधायक विवेक वर्मा की शिकायत पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा गठित की गई जांच कमेटी ने बुधवार को महाविद्यालय पहुंचकर निर्माणाधीन पीजी ब्लॉक भवन में प्रयुक्त होने वाली सामग्री का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में ईंटे व पहाड़ी रेत की गुणवत्ता खराब पाई गई थी। उसे हटवाने के निर्देश ठेकेदार को दिए गए थे। परंतु महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यवाही ना होने तक सामग्री को महाविद्यालय परिसर से हटाने पर रोक लगा दी। टीम में जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस के जैन, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के सहायक अभियंता करण सिंह, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता गोपाल मिश्रा व महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉक्टर विकास प्रधान मौजूद रहे।
डॉ विकास प्रधान ने बताया कि जांच पूर्ण होने के बाद ही घटिया निर्माण सामग्री को महाविद्यालय से हटाने की अनुमति ठेकेदार को दी जाएगी।




